जशपुर/पत्थलगांव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जशपुर नगर में आयोजित भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता में पत्थलगांव क्षेत्र के शेखरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। टीम की इस जीत से शेखरपुर सहित पूरे पत्थलगांव क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जशपुर में आयोजित इस भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबले के बीच शेखरपुर की टीम ने अपने शानदार खेल और सामूहिक प्रयास के दम पर मटकी फोड़ते हुए प्रथम विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग मटकी फोड़ प्रतियोगिता देखने पहुंचे और टीमों का उत्साह बढ़ाया। जशपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹1,11,111 रखा गया था।
शेखरपुर टीम की जीत की खबर सामने आते ही क्षेत्र के लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई देना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर भी टीम की जीत को लेकर शुभकामनाओं का दौर शुरू हो गया है।
शेखरपुर की इस उपलब्धि ने न केवल टीम के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया है, बल्कि पत्थलगांव क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित किया है।